रायपुर। शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए महापौर एजाज ढेबर, विधायक श्री विकास उपाध्याय ने लोगों के बीच जाकर स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित मॉस्क वितरित किए। साथ महापौर एजाज ढेबर ने नागरिकों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, कोरोना से घबराए नहीं व नियमित हाथ धोने की अपील की।
विधायक विकास उपाध्याय की पहल पर समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी और गुढ़ियारी में हेल्प-डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। यहाँ पर आम जनता की सुविधा हेतु वॉलिंटियर्स नियुक्त किए गए हैं, जो सुबह 9 बजे से रात तक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उपाध्याय ने कहा की इस आपदा से घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं हैं। दैनिक जीवन में काम आने वाली सारी वस्तुएं जैसे दूध, सब्जियां, बच्चों-बुजुर्गों की दवाइयों जैसी वस्तुओं के लिए हैल्प-डेस्क की सहायता ली जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कोरोना के संक्रमण को रोकने व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नगर निगम व स्वास्थ्य का पूरा अमला सतर्क है। इसलिए डरने घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, बस व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें।