कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, चार बोगियां जलकर खाक; यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

Uncategorized

पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर अमृतसर से कटिहार/न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12508) में भीषण आग लग गई। राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा स्टेशन के पास ट्रेन की चार बोगियां आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते चारों बोगियां जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, चार बोगियां जलकर खाक; यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1:10 बजे इंजन से पांचवें कोच में धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सराय बंजारा और बसंतपुरा के बीच रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को तेजी से ट्रेन से बाहर निकाला गया। त्योहार के मौके पर ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सफर कर रहे थे, जिनमें यूपी और बिहार जाने वाले लोग भी शामिल थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। अंबाला मंडल के डीआरएम भी घटनास्थल पर पहुंचे। आग में यात्रियों का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं, यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *