रायगढ़। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का दो दिवसीय आयोजन 3 एवं 4 नवंबर को साधुराम विद्या मंदिर, बायपास रोड रायगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। ऑनलाइन पंजीयन के मामले में रायगढ़ जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कनिष्ठ वर्ग के दो तथा वरिष्ठ वर्ग के तीन समूहों का चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। यह प्रदर्शनी रविशंकर विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित होगी।

कार्यक्रम में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कनिष्ठ तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने दो-दो के समूह में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के निर्देशन में ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कर सतत विज्ञान में नवाचार विषय पर आधारित परियोजनाएं तैयार कीं। दो दिनों में कुल 198 विद्यार्थी समूहों ने अपनी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। इनमें पहले दिन 98 और दूसरे दिन 100 समूह शामिल हुए।
आयोजन के प्रथम दिन रायगढ़, घरघोड़ा और लैलूंगा विकासखंड के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि दूसरे दिन खरसिया, पुसौर, तमनार और धरमजयगढ़ विकासखंड के विद्यार्थियों ने अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं।

प्रथम दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा अभय पांडे, किरण मिश्रा तथा साधुराम विद्या मंदिर के प्राचार्य की उपस्थिति में मुख्य अतिथि पूर्व व्याख्याता डॉ. डोलेश्वर प्रसाद पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीपी पटेल, जिला नोडल विज्ञान मंथन केके पटेल एवं पूर्व व्याख्याता डॉ. डोलेश्वर प्रसाद पटेल की उपस्थिति में हुआ। दोनों दिनों में निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को अतिथियों के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही निर्णायक मंडल और आयोजन समिति के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के दिनेश कुमार पटेल, केके पटेल, डॉ. डोलेश्वर प्रसाद पटेल एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता अनुपमा तिवारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन भी उनके द्वारा किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में निर्णायक मंडल के सदस्य लाभेश दर्शन, किरण कुमार पटेल, ममता पटेल, युवराज सिंह राज, ज्योति पटेल, प्रीति पटेल, प्राचार्य डीके वर्मा, प्रोफेसर टेक राम प्रधान, प्रोफेसर ईश्वर साहू एवं अश्वनी कुमार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं प्रकाश कुमार पांडा, बनमाली प्रसाद पटेल सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों ने व्यवस्थाओं में योगदान दिया।
दो दिवसीय आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, रायगढ़ कमलेश कुमार पटेल ने संभाली। जिला शैक्षिक समूह के बीएल गुप्ता का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप जिले के पंजीकृत विद्यालयों ने आयोजन में सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, शोध एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समस्याओं की पहचान कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत आयोजित यह जिला स्तरीय कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रायोजन तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के आयोजन में संपन्न हुआ।