रथ मेले में महिला के गले से 2.50 लाख की सोने की चेन चोरी, ड्रोन फुटेज से मिली आरोपियों की पहचान : जसपुर

Uncategorized

जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित रथ मेले के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में मेले के दौरान बनाए गए ड्रोन कैमरा फुटेज ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 को सरमा देवी निवासी सन्ना रोड, जशपुर अपने परिवार के साथ ग्राम कस्तूरा में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेले में गई थीं। मेले में अत्यधिक भीड़ के दौरान उनके गले में पहनी करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन गायब हो गई। किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी कर ली थी। शिकायत पर थाना दुलदुला में अपराध क्रमांक 46/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ड्रोन फुटेज में दिखीं संदिग्ध महिलाएं

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय मेले में ड्रोन कैमरे से वीडियो और फोटो बनाए जा रहे थे। पुलिस टीम ने ड्रोन संचालक से संपर्क कर घटना के दिन के फुटेज हासिल किए। फुटेज की बारीकी से जांच करने पर प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी कुछ महिलाएं दिखाई दीं।

पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं के फोटो हासिल कर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए और उनकी पहचान के लिए लगातार पतासाजी की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फुटेज में दिखाई दे रही महिलाएं सोनिया बाई (30) और अनिता बाई (35), दोनों निवासी ग्राम पत्ताकेला, थाना बगीचा, जिला जशपुर हैं।

पूछताछ में चोरी कबूलने का दावा

पुलिस टीम ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाते हुए महिला के गले से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी गई करीब 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, बरामद कर जब्त की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल एक अन्य महिला आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश जारी है।1

पुलिस की कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील सिंह, थाना प्रभारी दुलदुला, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शेखर सिंह राजपूत, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैकरा, आरक्षक सपना इंदवार, आरक्षक आनंद खलखो सहित थाना दुलदुला के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *