रायपुर। तीजहारिन बहनों को तीजा पर्व की गाड़ा-गाड़ा बधाई और शुभकामनाओं के साथ अटल नगर नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भव्य तीजा-पोरा तिहार एवं राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य माताओं और शिशुओं के पोषण स्तर तथा आहार की गुणवत्ता में सुधार लाना है। मुनगा को पोषण से भरपूर माना जाता है और इसके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अभियान के तहत लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।तीजा-पोरा तिहार के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की लोक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, राज्य हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, छत्तीसगढ़ राज्य बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।तीजा-पोरा तिहार के माध्यम से जहां छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक विरासत को मंच मिला, वहीं ‘हर घर मुनगा’ अभियान ने महिला एवं बाल स्वास्थ्य और पोषण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया।