कवर्धा : 9 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार शाम कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्रावास में रह रहे बच्चों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और भविष्य की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक छात्र से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं की जानकारी ली।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक के छात्र स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हैं। छात्रों की सुविधा और बेहतर तैयारी के लिए उन्होंने छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मार्ट क्लास में प्रतियोगी परीक्षाओं के सिलेबस के अनुरूप अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

साथ ही ऑनलाइन क्लास से जुड़ने की सुविधा भी विकसित की जाए।प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और मासिक पत्रिकाएं मिलेंगीछात्रों ने बताया कि छात्रावास में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के साथ स्नातक स्तर के छात्र भी रहते हैं। इनमें कई विद्यार्थी नीट, जेईई, लॉ, एसएससी, व्यापम और पीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। छात्रों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास की लाइब्रेरी में इन प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक किताबें, स्टडी मटेरियल और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएं।उन्होंने लाइब्रेरी में इंटरनेट सुविधा से युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्र ऑनलाइन अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें।’परिणाम की चिंता न करें, प्रयासों में कमी नहीं होनी चाहिए’बच्चों से संवाद करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत करनी चाहिए। परिणाम की चिंता में समय व्यर्थ नहीं करना चाहिए और अपने प्रयासों में किसी तरह की कमी नहीं आने देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूरी ईमानदारी और समर्पण से किया गया प्रयास सफलता की दिशा में जरूर ले जाता है। यदि कभी असफलता भी मिले तो निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए किया गया प्रयास जीवन में किसी न किसी रूप में जरूर काम आता है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का समय तकनीक का है। तकनीक आधारित पढ़ाई न केवल समय बचाती है, बल्कि तैयारी को भी अधिक प्रभावी और मजबूत बनाती है।छात्र की आंख की समस्या का कराया जाएगा उपचारछात्रावास में बातचीत के दौरान एक छात्र ने उप मुख्यमंत्री को अपनी आंख में समस्या होने की जानकारी दी।
इस पर विजय शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि छात्र का रायपुर के अच्छे अस्पताल में उपचार कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक समन्वय करने के निर्देश उन्होंने सहायक आयुक्त को दिए।उप मुख्यमंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने बच्चों को अच्छी तरह पढ़ाई करने की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पेन उपहार में दिए। बारिश के मौसम को देखते हुए छात्रों को छाता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर पार्षद बिहारी धुर्वे, मनीराम साहू, चंदन पटेल, ईश्वरी धुर्वे, मनीराम छेदावी, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।