तृतीय राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ, 15 जिलों के 357 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

Uncategorized

रायपुर। माता सुंदरी पब्लिक स्कूल, रायपुर में द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान एवं गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया की संबद्धता में तृतीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 जिलों से 357 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने की। इस अवसर पर दक्षिण विधानसभा विधायक सुनील सोनी, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के चेयरमैन अमरजीत सिंह छाबड़ा, भारतीय गतका संघ के सदस्य सरदार जोरावर सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।’गतका केवल खेल नहीं, गौरवशाली परंपरा और अनुशासन से जुड़ी विधा’मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गतका केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली परंपरा, साहस, आत्मरक्षा और अनुशासन से जुड़ी खेल विधा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का प्रतियोगिता में शामिल होना छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और प्रतिभा को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खेल अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास सिखाता है : गुरु खुशवंत सिंहकार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के साथ अपने जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का प्रयास करने का आह्वान किया।गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों तक गतका पहुंचाने का प्रयासद गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के चेयरमैन अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गतका सिख समाज की गौरवशाली पारंपरिक मार्शल आर्ट विधा है, जिसका संबंध वीरता, आत्मरक्षा, अनुशासन और साहस से है।

उन्होंने कहा कि गतका हमारी समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और अब यह परंपरागत कला देश के युवाओं के बीच आधुनिक खेल के रूप में भी अपनी पहचान बना रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 के राष्ट्रीय खेलों में गतका को शामिल किया जाना इस खेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे गतका खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गतका को गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।15 जिलों के 357 खिलाड़ी मैदान मेंदो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से 357 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल हुए हैं। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में खिलाड़ी अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में गतका खेल को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और खेल भावना का विकास करना है।9 अगस्त को होगा समापनप्रतियोगिता का समापन समारोह 9 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव मुख्य रूप से शामिल होंगे। इस अवसर पर समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया, जगजीत सिंह खनूजा, राजवंत सिंह गरेवाल और जी.एस. भामरा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।समापन अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *