राजनांदगांव, 29 जुलाई। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की पहल पर पुलिस अनुसंधान को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित रेंज स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में ई-साक्ष्य (e-Sakshya) और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।

आईजी अजय यादव ने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को घटनास्थल पर e-Sakshya मोबाइल एप के जरिए फोटो एवं वीडियो साक्ष्य संकलन, डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित प्रबंधन, एफआईआर से लिंकिंग, डिजिटल दस्तावेजों का संधारण तथा तकनीक आधारित अनुसंधान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अलावा CCTNS पोर्टल के प्रभावी उपयोग, e-FIR, e-मुलाहिजा और e-FSL जैसी डिजिटल सुविधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया। अधिकारियों को बताया गया कि इन प्रणालियों के माध्यम से पुलिस अनुसंधान अधिक पारदर्शी, समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से तकनीकी ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग कर अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने तथा डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया। बताया गया कि आधुनिक तकनीक न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने के साथ-साथ साक्ष्य संकलन, अनुसंधान और अभियोजन को भी अधिक पारदर्शी एवं सक्षम बनाती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता वाधवानी, उप पुलिस अधीक्षक नवी मोनिका पाण्डेय सहित राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।