बीजापुर। जिले के नए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाना होगी।

बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, जनसुरक्षा और वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिले में संचालित विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा करते हुए सभी अधिकारियों को बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा चलित थाना और जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि बीजापुर पुलिस जनसेवा और जनसुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शासन की जनहितकारी योजनाओं और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास के माहौल को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा, अमन कुमार झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बासागुड़ा संजय ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर चन्द्रकांत गवर्ना, एसडीओपी भोपालपटनम घनश्याम कामड़े, डीएसपी सिद्धार्थ बघेल, डीएसपी (डीआरजी) विनीत साहू, एसडीओपी कुटरू बृजकिशोर यादव, एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का, एसडीओपी फरसेगढ़ अमन लखीसरानी, डीएसपी सिद्धार्थ चौहान, रोशन आहूजा, चन्द्रहास, रक्षित निरीक्षक बुधेश्वर सिंह, सभी थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी, साइबर सेल प्रभारी एवं डीआरजी टीम के कमांडर उपस्थित रहे।