बारिश ने खोली नगर निगम और प्रशासन की पोल, रायपुर बना जलभराव का सबसे बड़ा शिकार’

Uncategorized

रायपुर। राजधानी में हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने नगर निगम और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक और प्रशासनिक विफलता करार दिया।

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि दोपहर की बारिश से ही रायपुर की सड़कें नालियों में तब्दील हो गई थीं, जबकि देर रात हुई बारिश के बाद हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गए। उनके अनुसार रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। महामाया मंदिर वार्ड, वामनराव लाखे वार्ड, मैत्री नगर, भक्त माता कर्मा वार्ड, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड, रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड, छत्तीसगढ़ नगर, धर्मनगर और संजय नगर सहित कई बस्तियां और कॉलोनियां रविवार सुबह तक जलमग्न रहीं।

उन्होंने दावा किया कि सुबह 4 बजे से लोग लगातार मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें समय पर राहत नहीं मिल सकी। अग्रवाल ने कहा कि वे स्वयं सुबह 4 बजे से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के साथ खड़े रहने का प्रयास करते रहे।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शहर के अधिकांश नालों पर अतिक्रमण हो चुका है और नालियों के ऊपर मकान व दुकानें बना दी गई हैं। उनका कहना है कि संगठित संरक्षण के बिना इतने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण संभव नहीं था, जिसके कारण आज राजधानी के नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों से अतिक्रमण हटाने और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *