रायपुर पुलिस हुई हाईटेक: 308 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल, अब डिजिटल साक्ष्यों से तेज होगी जांच

Uncategorized

रायपुर। कमिश्नरेट रायपुर में अपराधों की विवेचना को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 308 विवेचकों को ई-साक्ष्य संकलन के लिए स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए गए। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वयं मोबाइल वितरित कर इसकी शुरुआत की।इन मोबाइल उपकरणों का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (E-Evidence) का त्वरित, सुरक्षित और व्यवस्थित संकलन करना है।

अब विवेचक घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल दस्तावेजीकरण और ऑनलाइन रिपोर्टिंग अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया और मजबूत होगी।पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि वे डिजिटल ऐप्स, ई-साक्ष्य प्रोटोकॉल और डेटा सुरक्षा के मानकों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीक आधारित विवेचना से मामलों के जल्द खुलासे के साथ-साथ न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।यह पहल राज्य पुलिस मुख्यालय की डिजिटल पुलिसिंग नीति का हिस्सा है।

आगामी चरण में विवेचकों को विशेष प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और डेटा सुरक्षा की मॉनिटरिंग व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नई कानून व्यवस्था के अनुरूप जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी तथा पारदर्शी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *