रायपुर : 12 जून।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष तक देश के प्रधानमंत्री रहने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोरासी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फीडबैक लिया तथा कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण से हुई। इसके बाद आयोजित जनसभा में सांसद अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण हैं।कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल मंच तक सीमित नहीं रहे। वे माइक लेकर सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और योजनाओं को लेकर सवाल-जवाब किए।उन्होंने ग्रामीणों से पूछा, “घर-घर नल लगे हैं कि नहीं?” जिस पर ग्रामीणों ने जवाब दिया कि गांव में पानी पहुंच रहा है। आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। वहीं राम मंदिर और धारा 370 के मुद्दे पर पूरा सभा स्थल जय श्रीराम के नारों और तालियों से गूंज उठा।जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क और पेयजल समस्या भी उठाई। इस पर सांसद अग्रवाल ने मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर बरसात के बाद सड़क निर्माण शुरू कराने की घोषणा की।
साथ ही पेयजल समस्या के समाधान के लिए 15 दिनों के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए।ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने कोरासी में डाकघर भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा ग्राम के समग्र विकास के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की। महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय संगठनों को आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई।सांसद अग्रवाल ने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और तत्काल समाधान करना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।कार्यक्रम के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा रात्रि भोज में भी शामिल हुए।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।