रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 4 विधि के साथ संघर्षरत बालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक अन्य बालक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मामला 5 जून 2026 की रात का है। प्रार्थी उज्जवल मंडल अपने साथी के साथ एक्टिवा से पंडरी से भिलाई जा रहा था। इसी दौरान सुयश अस्पताल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक मैदान से निकले कुछ लड़कों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने चाकू दिखाकर दोनों को डराया और मैदान के अंदर ले जाकर पर्स से नगदी और दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर सरस्वती नगर थाना में धारा 310(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पूछताछ में चारों बालकों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 570 रुपये नगदी, पैन कार्ड और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
फिलहाल फरार बालक की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।