मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिले में रविवार सुबह “Sunday On Cycle” अभियान के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित इस रैली में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भारत सरकार के Fit India Movement और खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली। इस दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, डिप्टी कलेक्टर डी.आर. ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, डीएसपी नेहा पवार, एसडीओपी ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप एवं थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप टोप्पो सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा घटता है। साथ ही यह प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत का सबसे सस्ता एवं प्रभावी माध्यम है।
रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
“Sunday On Cycle” अभियान के जरिए जिले में स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश देने का सफल प्रयास किया गया।