राजनांदगांव : 25 मई 2026। मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बागनदी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 गौवंशीय मवेशियों को अवैध रूप से परिवहन कर महाराष्ट्र ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। पुलिस ने 5 मवेशियों और परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 7.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर गौवंशीय मवेशियों की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर कोठीटोला कैंप के सामने बैरिकेडिंग कर अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक CG 37 J 3903 को घेराबंदी कर रोका गया।जांच के दौरान वाहन में 4 बैल और 1 गाय सहित कुल 5 गौवंशीय मवेशी मिले। पुलिस के अनुसार मवेशियों के पैर और गले को बांधकर उन्हें अमानवीय तरीके से वाहन में भरकर बिना वैध अनुमति पत्र के महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। आशंका है कि इन्हें बुचड़खाने ले जाया जा रहा था।पुलिस ने मौके से 25 हजार रुपये मूल्य के 5 गौवंशीय मवेशी तथा 7 लाख रुपये मूल्य का पिकअप वाहन जब्त कर कुल 7.25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया।मामले में अक्षय अशोक तुरकर (24 वर्ष), फिरतु कंवर (55 वर्ष) और पुरुषोत्तम नाईक (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, प्रधान आरक्षक संतोष मिश्रा, पूरन पटेल, भीपेन्द्र ठाकुर तथा आरक्षक भूपेन्द्र तुमरेकी, टाकेश्वर पटेल और विद्याधर मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।