रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र से गुम हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची को रायपुर पुलिस ने अहमदाबाद गुजरात से सकुशल रेस्क्यू कर मदर्स डे के मौके पर उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्ची को देखते ही परिजन भावुक हो उठे और घर में खुशी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, गौलीपारा तेलीबांधा निवासी 10 वर्ष 8 माह की नाबालिग बच्ची 5 और 6 मई 2026 की दरमियानी रात अचानक लापता हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तेलीबांधा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 205/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने शहरभर के CCTV कैमरों की जांच की, आसपास के लोगों से पूछताछ की और हर संभव प्रयास किया, लेकिन शुरुआती दौर में कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद थाना तेलीबांधा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने मोबाइल स्टेटस और विभिन्न राज्यों की पुलिस से जुड़े सोशल मीडिया ग्रुपों में बच्ची की सूचना प्रसारित की। सूचना वायरल होने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद गुजरात के थाना शाहीबाग पुलिस से सूचना मिली कि बच्ची उनके पास सुरक्षित है।सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस की विशेष टीम तत्काल अहमदाबाद रवाना हुई। पुलिस टीम ने लगभग 2400 किलोमीटर का लगातार सफर तय करते हुए बिना रुके बच्ची को सुरक्षित रायपुर लाया। रविवार 10 मई 2026, मदर्स डे के दिन मासूम बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बेटी को सामने देख मां-बाप की आंखों से आंसू छलक पड़े, वहीं बच्ची भी अपने परिवार से मिलकर भावुक हो गई। पूरे घटनाक्रम ने पुलिस के संवेदनशील और मानवीय चेहरे को सामने लाकर खड़ा कर दिया।फिलहाल पुलिस बच्ची और उसके परिजनों से सूक्ष्मता से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।