पीएम स्वनिधि योजना : छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार

Chhattisgarh Entertainment Madhyapradesh National State

रायपुर. 16 नवम्बर 2026. भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को चार पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ ही तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। नई दिल्ली में 20 नवम्बर को आयोजित समारोह में ये पुरस्कार दिए जाएंगे।उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने तीनों नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव और प्रसन्नता का विषय है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान हमारे नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने आज पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है। भारत सरकार ने राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को समारोह में आमंत्रित किया है। प्रमुख सचिव ने बताया कि केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 20 नवम्बर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ का किया गया है। इसमें राज्य के साथ ही बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *