रायपुर:राजधानी रायपुर के ग्रास मेमोरियल मैदान, आकाशवाणी के सामने आयोजित उत्कल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा विशेष रूप से शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मैदान खेल प्रेमियों और युवाओं से खचाखच भरा रहा, जहां क्रिकेट के प्रति उमंग और जोश का अद्भुत माहौल देखने को मिला।इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन छत्तीसगढ़ उत्कल घासी-घसिया महासभा द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम है। युवाओं को खेलों से जोड़ना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी ऊर्जा को सही मार्ग में लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर विधायक ने विजेता टीम को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के जरिए अपने खेल को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी, खेल प्रेमी, समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।