रायपुर : हज 2026 के लिए छत्तीसगढ़ के 292 हज यात्री नागपुर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से अकाशा एयरलाइंस की फ्लाइट द्वारा मदीना शरीफ के लिए रवाना हो चुके हैं। हाजियों की रवानगी के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा नागपुर स्थित हज हाउस में विशेष व्यवस्थाएं की गईं।हज यात्रियों की रिपोर्टिंग, दस्तावेज वितरण और लगेज चेकइन की प्रक्रिया हज कमेटी की देखरेख में संपन्न कराई गई। इस दौरान हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज बेग ने हाजियों को यात्रा दस्तावेज वितरित किए। वहीं सदस्य मौलाना हसन अब्बास एवं मौलाना महताब की मौजूदगी में विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।एयरपोर्ट पर भी हज यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उनका प्रस्थान सुगमता पूर्वक संपन्न हुआ। नागपुर एंबारकेशन प्वाइंट पर व्यवस्थाओं का संचालन चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज बेग के मार्गदर्शन में किया गया।मिर्ज़ा एजाज बेग ने बताया कि राज्य के हज यात्री मदीना शरीफ में आठ दिन प्रवास के बाद मक्का शरीफ के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष भारतीय हज मिशन द्वारा हाजियों की सुविधा के लिए मदीना शरीफ से मक्का शरीफ तक बुलेट ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे यात्रा और अधिक आरामदायक हो गई है।