बीजापुर: बीजापुर में पुलिस प्रशासन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं चलित थाना का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविंद्र कुमार मीणा, एसडीओपी आवापल्ली तिलेश्वर प्रसाद यादव, थाना प्रभारी उसूर, थाना प्रभारी आवापल्ली सहित पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि वर्षों तक नक्सलियों ने विकास कार्यों में बाधा डालकर क्षेत्र को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा और अवैध लेवी वसूली कर अपने स्वार्थ पूरे किए। अब नक्सल उन्मूलन के बाद शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है।पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को शिक्षा, खेल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल और आंगनबाड़ी भेजने की अपील की गई, ताकि उन्हें शिक्षा के साथ अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।कार्यक्रम में ग्रामीणों को नक्सलवाद से दूर रहने और किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित माओवादी सम्मानजनक रोजगार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत युवाओं को क्रिकेट, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन की खेल सामग्री और ड्रेस वितरित की गई। महिलाओं को साड़ी, बच्चों को लूडो और बुजुर्गों को चप्पल प्रदान कर सहयोग किया गया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर करीब 300 से 400 ग्रामीणों को भोजन कराया गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास जताते हुए क्षेत्र में शांति, विकास और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।