रायपुर। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में लाए गए विधेयक को राजनीतिक स्वार्थों के कारण रोका गया।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस “फूट डालो और राज करो” की नीति पर चलते हुए महिला आरक्षण के रास्ते में बाधा बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33% आरक्षण देने की ऐतिहासिक पहल थी।साय ने कहा कि परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस ने देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के भरोसे को तोड़ा है। उन्होंने इसे न केवल महिलाओं के अधिकारों का हनन बताया, बल्कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व से दूर रखने की साजिश भी करार दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण में अड़ंगा डालना एक “महापाप” है और देश की मातृशक्ति ऐसे कृत्य को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी।