राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट राजनांदगांव ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए यात्री का खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित रूप से वापस किया। यह कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीपचंद आर्य के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को सुबह 11:15 बजे RPF पोस्ट गोंदिया से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12271 सिकंदराबाद एक्सप्रेस के कोच S-03, सीट नंबर 25 में एक महिला का ट्रॉली बैग और लेडीज पर्स छूट गया है। सूचना मिलते ही गाड़ी के 11:33 बजे प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंचने पर आरक्षक मनीष पटेल ने संबंधित कोच की जांच की, जहां सीट के पास लावारिस हालत में एक ट्रॉली बैग और पर्स मिला।
आसपास के यात्रियों से पूछताछ के बाद जब कोई दावेदार नहीं मिला, तो सामान को सुरक्षित RPF पोस्ट राजनांदगांव लाया गया और इसकी सूचना गोंदिया पोस्ट व शिकायतकर्ता को दी गई। कुछ ही समय बाद हसीना बानो (45 वर्ष), निवासी रायपुर, पोस्ट पर पहुंचीं और बताया कि वे सिकंदराबाद से रायपुर आ रही थीं, लेकिन गोंदिया स्टेशन पर नाश्ता लेने के दौरान ट्रेन छूट जाने से उनका सामान ट्रेन में ही रह गया।
महिला ने अपना आधार कार्ड और यात्रा टिकट (PNR नंबर 4755700825) प्रस्तुत कर सामान की पहचान की। जांच में पाया गया कि ट्रॉली बैग में करीब 18 जोड़ी नए कपड़े (लगभग ₹35,000) और आर्टिफिशियल ज्वेलरी (लगभग ₹45,000) सुरक्षित रखी हुई थी। सत्यापन के बाद करीब ₹80,000 मूल्य का पूरा सामान महिला को सौंप दिया गया।
अपने खोए सामान की सुरक्षित वापसी पर हसीना बानो ने रेलवे सुरक्षा बल का आभार जताया। RPF की इस तत्परता से यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।