होली पर सख्त सुरक्षा: 400 जवान तैनात, नशे में ड्राइविंग पर वाहन जब्ती

Uncategorized

बस्तर : बस्तर पुलिस ने रंगों के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया है। 2 मार्च की रात होलिका दहन और 3–4 मार्च को होली के मद्देनज़र शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक करीब 400 जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस के मुताबिक संवेदनशील इलाकों में ब्लैक पैंथर दस्ता मोटरसाइकिल से लगातार गश्त करेगा, जबकि पेट्रोलिंग वाहन शहर व देहात में सर्चिंग ऑपरेशन चलाते रहेंगे। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी—ब्रिथ एनालाइजर में शराब की पुष्टि होने पर वाहन जब्त कर कम से कम तीन दिन तक नहीं छोड़ा जाएगा।

प्रशासन ने रंगों की दुकानों को भी कड़े निर्देश दिए हैं। सार्वजनिक सुरक्षा के मद्देनज़र मास्क की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा और प्रमुख चौराहों व बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम में 24 घंटे निगरानी की जाएगी।

इधर माड़पाल क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पुलिस ने नागरिकों से संयम और सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में जनता की भूमिका सबसे अहम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *