अमेरिका : अमेरिका इस समय भीषण बर्फीले तूफान का सामना कर रहा है, जिसके चलते लाखों अमेरिकियों को ठंड और बिजली के बिना एक और रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा है। बर्फीले तूफान के चलते सोमवार को देश के उत्तर पूर्वी इलाके में और बर्फबारी हुई तो दक्षिण के हिस्से बर्फ से ढके हुए हैं। इस बीच ठंड के चलते कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है। आर्कन्सास से न्यू इंग्लैंड तक 2100 किलोमीटर के इलाके में एक फुट से ज्यादा मोटी बर्फ जमने से ट्रैफिक थम गया है। उड़ाने रद्द कर दी गई हैं और सोमवार को बड़े पैमाने पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
नेशनल वेदर सर्विस ने कहा है कि पिट्सबर्ग से उत्तर के इलाकों में 20 इंच तक बर्फ गिरी है। सोमवार देर रात तक तापमान माइनस 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के दो तिहाई हिस्से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि आर्कटिक हवा के नए प्रवाह से उन जगहों पर जमा देने वाली ठंड बनी रहेगी जो पहले से ही बर्फ से ढकी हुई है।