रायपुर, 12 सितंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले में संचालित ’प्रोजेक्ट अनुभव’ के अंतर्गत योग भवन, फुंडहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षा आयोजित की जा रही है।इस कक्षा का आयोजन शनिवार को किया जाएगा, जिसमें श्रम विभाग के जिला अधिकारी सहायक श्रम आयुक्त देवेन्द्र देवांगन (सीजीपीएससी 2018-19, रैंक-14) विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। वे शाम 6 से 8 बजे तक सीजीपीएससी प्रीलिम्स एवं मेन्स (समाजशास्त्र) विषय पर कक्षा लेंगे। देवांगन अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को परीक्षा की रणनीति, समय प्रबंधन और विषय के प्रभावी अध्ययन संबंधी उपयोगी सुझाव भी प्रदान करेंगे।प्रोजेक्ट अनुभव के अंतर्गत जिले में पदस्थ अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी प्रतियोगी परीक्षार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं, जिससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।