आतंकी हमले पर पाकिस्तान ने कहा,इस हमले में निर्दोष नागरिकों की मौत पर चिंतित है, लेकिन इस घटना से पाकिस्तान का कोई लेना-देना नहीं है.

International

नई दिल्ली : भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा लिए गए कड़े फैसलों से पाकिस्तान में बौखलाहट की स्थिति पैदा हो गई है.

भारत ने पाकिस्तान के सैन्य राजनयिकों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित कर देश छोड़ने का आदेश दिया, सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से निलंबित किया, अटारी चेक पोस्ट बंद किया और पाकिस्तान के नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को रद्द कर दिया. इन कदमों के जवाब में पाकिस्तान की ओर से गुरुवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) की आपात बैठक बुलाई गई है.

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान जारी करते हुए कहा कि भारत के कदमों का उचित जवाब देने के लिए NSC की यह बैठक बुलाई गई है. बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे.

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस हमले में निर्दोष नागरिकों की मौत पर चिंतित है, लेकिन इस घटना से पाकिस्तान का कोई लेना-देना नहीं है. वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी एक संक्षिप्त बयान में पर्यटकों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

भारत द्वारा लिए गए निर्णयों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा है, जिससे वह अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *