जशपुर : डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से अवैध धान लाकर खपाने की आशंका के बीच जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घोलेंग के पास जांच के दौरान धान से भरे दो ट्रकों को पकड़कर 160 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सिटी कोतवाली पुलिस घोलेंग के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 को रोककर तलाशी ली गई। दोनों ट्रकों में कुल 400 बोरी धान लोड था। चालकों और वाहन मालिकों से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रकों में लोड करीब 160 क्विंटल धान जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
गुमला से बतौली ले जा रहे थे धान
पूछताछ में सामने आया कि धान झारखंड के गुमला से लोड कर छत्तीसगढ़ के बतौली ले जाया जा रहा था। धान खरीदी शुरू होने के मद्देनजर पुलिस को आशंका है कि दूसरे राज्य से लाए गए धान को छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की तैयारी थी।
चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने की कोशिश के आरोप में ट्रक चालकों और मालिकों सहित चार लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में कृष्णा साहू (47), निवासी गुमला (झारखंड), संजय कुजूर (55), निवासी दुलदुला (जशपुर), अभिमन्यु सिंह (36) और सुमित सिंह (23), निवासी गुमला (झारखंड) शामिल हैं।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले में संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन के समन्वय से कार्रवाई जारी रहेगी।