विधायक देवेंद्र यादव को कानून और संविधान पर भरोसा नहीं : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

Chhattisgarh

रायपुर। बलौदाबाजार घटना मामले में पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ कार्यवाही की है। इस पर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाए जाने पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कानून का राज है, जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, वह कितना भी बड़ा आदमी हो, उस पर कड़ी कार्यवाही होगी। श्री साव ने कहा कि, कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित है। बलौदाबाजार मामले की जांच के बाद महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, उसके बाद ही पुलिस ने एक्शन लिया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव को बार-बार नोटिस देने के बावजूद बयान दर्ज नहीं कराया। कल उन्होंने हाथ में संविधान लेकर पुलिस की कार्यवाही का विरोध किया। ये बताता है कि, इनका कानून और संविधान पर भरोसा नहीं है। ये कांग्रेस का इतिहास है। ये लोग न्यायालय के आदेश का भी उल्लंघन करते हैं।

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की चेतावनी पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस कार्यवाही पर राजनीति कर रही हैं।बलौदाबाजार की घटना भी एक राजनीतिक षड्यंत्र है। लोगों को घटना के लिए प्रेरित किया गया, सतनामी समाज को बदनाम करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि, पुलिस साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही कर रही है। बलौदाबाजार की घटना सामान्य घटना नहीं है। कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय में आगजनी की गई। इस मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *