कांग्रेस वृथा गाल बजाने का काम कर रही है : उपासने

Chhattisgarh

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने कांग्रेस के चावल उत्सव को महज दिखावे की राजनीति बताया है। भाजपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने सबसे पहले प्रदेश के हर नागरिक का पेट भरने की चिंता की और उसके लिए सस्ती कीमत पर प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए अनाज, नमक, तेल आदि मुहैया कराया था। आज कांग्रेस इस तरह के आयोजन कर वृथा गाल बजाने का काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता अपने इस राजनीतिक प्रदर्शन में भी भाजपा को अकारण कोसकर मानसिक दीवालिएपन का परिचय दे रहे हैं। भाजपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकार सुपात्र लोगों को इस अन्न सुरक्षा योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध थी। भाजपा सरकार ने जनकल्याण के अपने कामों को राजनीतिक लोकप्रियता के लिए नहीं भुनाया जैसा कि कांग्रेस ने आधी-अधूरी कर्जमाफी को भुनाने की शर्मनाक और विफल कोशिश की। बिजली बिल हाफ का वादा करने वाले कांग्रेसियों के राज में घंटों बिजली कटौती का भी शर्मनाक दौर शुरू हो गया है। ऐसा लग रहा है कि बिजली बिल नहीं, बिजली ही हाफ करने के एजेंडे पर सरकार काम कर रही है। नई सरकारी भर्तियों पर रोक लगाकर और बेरोजगारी भत्ते व शराबबंदी पर राजनीतिक झांसेबाजी के कांग्रेसी चरित्र का परिचय देने वालों ने तो आदिवासियों को नमक और चना भी देना बंद कर दिया है। उपासने ने कहा कि चावल उत्सव मनाने की सियासी नौटंकियों के बजाय कांग्रेस नेता अपनी सरकार को बाध्य करें कि वह आदिवासियों को नमक और चना की आपूर्ति शीघ्र शुरू करें और इसके लिए आचार संहिता की बहानेबाजी न करे। प्रदेश की जनता को आचार संहिता के झांसे देना बंद करे क्योंकि जिन योजनाओं पर अमल होना शुरू हो चुका होता है, आचार संहिता के कारण उसे रोका नहीं जाता। इसलिए सरकार को इस दिशा में कारगर कदम उठाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *