छत्तीसगढ़ : रायपुर भाजपा प्रवक्ता भूपेन्द्र सिंह सवन्नी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर पलटवार करते हुए कहा कि चिटफंड कम्पनियों के मामले में उनकी गलत बयानी पर जब नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रमाणित करने की सीधी चुनौती दी तो बघेल उसे क्यों स्वीकर नहीं कर पा रहे हैं? जाहिर है कि भूपेश बघेल सरासर झूठ बोलते हैं और जब उन्हें नेता प्रतिपक्ष ने यह चुनौती दी कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनके विरुद्ध चिटफंड कंपनियों से हिस्सेदारी का जो आरोप लगाया है उसे साबित करें अन्यथा मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर राजनीति से संन्यास ले लें तो बघेल को दिन में तारे नजर आ गये।
भाजपा प्रवक्ता सवन्नी ने कहा कि हमारी केन्द्र सरकार ने चिटफंड कंपनियों से पीडि़त लोगों के हित में पैसे लौटाने के लिए पहल की तो भूपेश बघेल ने फोकट का यश लूटने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता की कमाई के पैसे से विज्ञापन जारी कर दिये। भूपेश बघेल का काम जनता को झूठे वादे करके राजनीतिक इरादे पूरे करना ही है। जनता को गुमराह करके छत्तीसगढ़ की सत्ता पर काबिज होते ही रेत से लेकर सीमेंट और शराब तक की आड़ में चुनावी चंदा बटोर लिया और गरीब आदिवासियों का चना और नमक तक हड़प बैठे। सवन्नी ने कहा कि जिस पार्टी के सत्ता काल का पूरा रिकार्ड ही त्रिलोक में भ्रष्टाचार का रहा है, उसके सूबेदार भूपेश बघेल चिटफंड के नाम पर राजनीतिक प्रलाप कर रहे हैं।