शिक्षक भर्ती: अब तक नहीं हुआ सत्यापन, अध्यक्ष ने कहा समय सीमा तय करें

Chhattisgarh

रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र में स्कूल शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पर स्कूल शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम घिरते नजर आए। वे यह नहीं बता पाए कि जिन शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही थी, उसमें से कितनों को नियुक्ति पत्र दे दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को कहना पड़ा कि भर्ती की समय सीमा तय की जानी चाहिए।
प्रश्नकाल में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने 14 हजार 580 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का मामला उठाया। चंद्राकर ने कहा, इस विषय पर वे चौथी बार सवाल पूछ रहे हैं। बार-बार सवाल पूछने के बाद अब तक कुल 10 हजार 441 पदों की ही भर्ती हो पाई है। पिछले पांच महीने में सिर्फ आठ लोगों का सत्यापन हुआ है। चंद्राकर ने पूछा, 30 जून 2022 की स्थिति में किन-किन संवर्गों की कितने पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है? सत्यापन का काम पूरा हुआ या नहीं? एक पद के सत्यापन के लिए कितना समय लगता है। इसमें देरी की वजह क्या है? जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा, व्याख्याता का सत्यापन राज्य स्तर पर, शिक्षक का सत्यापन संभाग स्तर पर और सहायक शिक्षकों का सत्यापन जिला स्तर पर किया जाता है। मेरिट क्रम में सत्यापन किया जाता है। अभी तक भर्ती प्रक्रिया चल रही है। यह कब तक पूरी होगी, बताया जाना संभव नहीं है। सदस्य शिवरतन शर्मा ने कहा, तीन सालों से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अभी भी 3139 शिक्षकों का सत्यापन और भर्ती अब तक बाकी है।
महंत बोले- छग के युवा बेरोजगारों का मामला
मामले में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री से कहा, पूरे छत्तीसगढ़ के बेरोजगारों का सवाल है। अपने विभाग से कहिए कि भर्ती प्रक्रिया के लिए एक निश्चित समय सीमा तय कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *