रायपुर। छत्तीसगढ़ में मिशन 2023 को लेकर भाजपा ने भी कमर कस ली है। गुरुवार से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, रामविचार नेताम के साथ-साथ तमाम पदाधिकारी, सांसद-विधायक और नेता 1-1 बूथ पर 2-2 दिन तक रहेंगे। सभी नेता जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से मुलाकात करेंगे। वहां की स्थिति का जायजा लेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। सांसद, विधायक, अपने संसदीय व विधानसभा क्षेत्र में शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेशव्यापी कार्य विस्तार योजना का शुभारंभ गुरुवार को होगा। जिसमें प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारी अपने मंडलों व बूथ केन्द्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रमुख पदाधिकारी शक्ति केन्द्रों में विस्तारक के रूप में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से अपने बूथ व शक्ति केन्द्र को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। प्रदेश के बड़े नेताओं के शक्ति केंद्र में दौरे के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा को भी अहम दायित्व सौंपा गया है। भाजयुमो सोशल मीडिया के माध्यम से बूथ को मजबूत करने की कोशिश करेगी। प्रचार-प्रसार के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बड़े नेताओं से मार्गदर्शन मिलेगा। जिन शक्ति केंद्रों में बड़े नेता जाएंगे, वहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपने नेता के साथ होंगे और मतदाताओं के घर जाएंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता मतदाताओं के घर जाकर उनसे बातें करेंगे और जानेंगे कि कांग्रेस ने जो वादे किए हैं, वे वादे कितने पूरे हुए हैं? क्या मतदाताओं को योजनाओं का लाभ मिल रहा है? क्या मतदाता सरकार के कामों से संतुष्ट है?
कमजोर बूथों पर फोकस
भाजपा का फोकस ऐसे बूथों पर हैं, जहां पार्टी कमजोर है। दिग्गज नेता जानेंगे कि आखिर इसकी वजह क्या है? किस तरह बूथ को मजबूत किया जा सकता है? वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करेंगे और फीडबैक लेने के बाद कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे ताकि भाजपा की स्थिति मजबूत की जा सके।