भूपेश बाेले- विधानसभा क्षेत्र के दौरे की तुलना रमन की विकास यात्रा से न करें

Chhattisgarh

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार से 90 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि इस दौरे को राजनीतिक रूप से ना देखें। वैसे भी 2 साल तक सरकार योजनाओं को तो लागू की है, लेकिन उसका क्रियान्वयन और लोगों से मिलना जुलना कोरोनाकाल में नहीं हो पाया। उन्होंने इस दौरे को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की विकास यात्रा से अलग बताया।
हेलीपेड पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि यह कतई औचक निरीक्षण नहीं है। औचक निरीक्षण का शब्द मीडिया की देन है। यह आम जनता, कार्यकर्ताओं, लोगों से, प्रशासनिक अधिकारियों से जिले में हमारी योजनाएं जो चल रही हैं, उनके जमीनी देखरेख के लिए मैं जा रहा हूं। यह रूटीन वर्क है। इसमें ना तो किसी प्रकार के प्रशासनिक फेरबदल की बात है।
दौरे को चुनाव से न जोड़ें
मुख्यमंत्री ने कहा,आज तो मैं जाना शुरु कर रहा हूं। जाने के बाद ही पता चलेगा कि योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर किस प्रकार से हो रहा है। विधायकों के परफॉर्मेंस पर उन्होंने कहा, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है और ना ही कांग्रेस ने इस प्रकार का कोई सर्वे कराया है। 2023 के चुनाव को इस दौरे से नहीं जोड़ना चाहिए। जब कैलेंडर चेंज होगा,तब इस बात का जवाब मैं दूंगा।
विपक्ष असहाय हो गया
विपक्ष पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, चाहे वह गोबर खरीदी हो, चाहे गोठान हो, चाहे बोरे बासी हो, सभी पर तीखी नजर विपक्ष रखा हुआ है। विपक्ष कुछ कर नहीं पा रहा है, बड़ा असहाय है। केंद्रीय राज्यमंत्री के दौरे को लेकर सीएम ने कहा, सभी का स्वागत है। छत्तीसगढ़ में आए उनका बहुत-बहुत स्वागत है। इतने सारे केंद्रीय मंत्री बस्तर प्रवास पर आए थे। एक शब्द भी उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए क्यों नहीं कहा, यह प्रश्नवाचक चिन्ह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *