कोरोना के बढ़ते मामलों पर मुख्यमंत्री ने जताई चिंता, कहा – आवश्यकता पड़ी तो सुरक्षा के लिए जारी करेंगे आदेश

Uncategorized

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा, दिल्ली में कोरोना को लेकर प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए हैं। हमें भी सूचना मिल रही है, हम विचार करेंगे। आवश्यकता पड़ी तो सुरक्षा उपायों के लिए आदेश जारी करेंगे।
धमधा दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, साजा विधानसभा क्षेत्र के धमधा ब्लॉक मुख्यालय में सब्जी और फल मंडी का लोकार्पण होगा, जिसका लाभ किसानों को मिलेगा। राहुल गांधी भी यही चाहते थे कि मंडी किसान के घर के नजदीक होना चाहिए। उनके गांव के नजदीक होना चाहिए और हमारा भी प्रयास यही है।
कोर्ट का आदेश मानना हमारी बाध्यता
मुख्यमंत्री ने विद्युत संविदा कर्मियों के आंदोलन पर कहा, भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कुछ लोग न्यायालय गए हैं। न्यायालय के आदेश का पालन करना हमारी बाध्यता है। अब यदि परीक्षा होते हैं, उसमें इसके बारे में विचार किया जा सकता है। कुछ बोनस अंक भी दिए जा सकते हैं, पर सबको नहीं। जो उनकी परीक्षा होती है उसमें विचार किया जा सकता है कि कुछ बोनस अंक दिए जाए। यदि सभी को बोनस अंक चाहिए तो सभी न्यायालय चले जाएं।
नहीं सुन रही केंद्र सरकार
एथेनॉल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, एथेनॉल बनाने के लिए हमने धान को चुना और इसकी अनुमति मांगी। राज्य में चावल का उत्पादन अवश्यकता से अधिक है। भारत सरकार से इसीलिए धान से एथेनॉल बनाने की अनुमति और रेट तय करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन भारत सरकार के कानों में जूं नहीं रेंग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *