कानून व्यवस्था पर विपक्ष का स्थगन अग्राहय, सदन बाधित

Uncategorized

रायपुर। विधानसभा में भाजपा ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से चर्चा कराने का प्रस्ताव दिया। भाजपा विधायकों ने अपने प्रस्ताव में कहा कि महासमुंद में पुलिस वाले की हत्या कर दी गई। कानून व्यवस्था की लचर स्थिति के चलते होली के एक दिन पहले नया रायपुर क्षेत्र के सेरीखेड़ी के वर्षाें से काबिज लोगों को बेदखली का नोटिस दिया और इसका विरोध करने पर उनपर पुलिस लाठी बरसाती है। भाजपा कार्यकर्ताओं काे इसी मामले में गैर जमानती धारा लगाकर जेल भेज दिया गया। विपक्ष द्वारा लाए गए काम रोको प्रस्ताव को विधानसभा अध्यक्ष ने अग्राह्य कर दिया। विपक्ष ने इसे लेकर सदन में हंगामा किया। इसके कारण सदन की कार्रवाई पांच मिनट स्थगित करनी पड़ी।
वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में कहा, महासमुंद में पुलिस वाले की हत्या हो जाती है। राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम के घर पर चोरी हो जाती है। नया रायपुर में ग्रामीणों को होली के दिन बेदखली की नोटिस दी जाती है, सूचना देने आने पर लाठीचार्ज होता है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा पुलिस हर वो काम कर रही है, जो उसे नहीं करना है। अब लगने लगा है कि पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था दी जाए और नागरिकों को भगवान भरोसे छोड़ दिया जाए। विपक्ष स्थगन को ग्राह्य करने की मांग करने लगा, तभी आसंदी ने कानून व्यवस्था को लेकर पेश इस स्थगन को अग्राह्य करने की सूचना दी। सदन में इसके बाद काफी देर तक हंगामा होते रहा, जिसके बाद सदन की कार्रवाई पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *