रायपुर/जगदलपुर। बस्तर के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में एक और औद्योगिक हादसे में युवा श्रमिक की मौत ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएमएस (SMS) विभाग में कार्यरत ऑपरेटर मंगल साय की पिघले हुए लोहे की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। करीब 30 से 32 वर्षीय मंगल साय छोटे देवड़ा का निवासी था। घटना के बाद बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने एनएमडीसी प्रबंधन और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

मौर्य ने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट में लगातार श्रमिकों, विशेषकर आदिवासी युवाओं की मौत की घटनाएं चिंताजनक हैं। रोजगार की तलाश में उद्योगों में काम करने वाले बस्तर के युवाओं को यदि कार्यस्थल पर ही सुरक्षा नहीं मिल रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब एनएमडीसी प्रबंधन श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाएगा!
उन्होंने कहा कि एनएमडीसी जैसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम की जिम्मेदारी है कि प्लांट में काम करने वाले स्थायी और ठेका श्रमिकों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण, तकनीकी प्रशिक्षण और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना ठेकेदारों के साथ-साथ प्रबंधन की भी जिम्मेदारी है।
सुशील मौर्य ने मंगल साय की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, श्रमिक को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं और घटना के समय जिम्मेदार अधिकारी कौन थे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक पात्र सदस्य को योग्यता के अनुसार रोजगार और सभी वैधानिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्लांट में पूर्व में हुई औद्योगिक दुर्घटनाओं की भी समीक्षा होनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि पिछली घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या सुधार किए गए।
मौर्य ने कहा कि औद्योगिक विकास की कीमत श्रमिकों की जान देकर नहीं चुकाई जा सकती। बस्तर के आदिवासी युवा अपनी मेहनत से उद्योगों की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मानजनक रोजगार और जीवन की रक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।