रायपुर। कालीचरण की गिरफ्तारी के बाद सियासत और गरमा गई है। एमपी-छत्तीसगढ़ के कांग्रेस और भाजपा के नेता एक उूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने काली चरण के मामले में चल रही सियासत पर कहा कि रमन सिंह, बृजमोहन अब भी कालीचरण के बयान की निंदा नहीं कर रहे है, इसका मतलब है ये गोडसे के समर्थन में है। गोडसे मुर्दाबाद नहीं कह सकते। ये मजबूरी में महात्मा गांधी की जय बोलते है। तेलगांना पुलिस छग की धरती पर आकर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। पिछले महीने मध्यप्रदेश पुलिस छत्तीसगढ़ आई थी उस दौरान एमपी पुलिस किससे पूछकर आई थी, इस बात का जवाब नरोत्तम मिश्रा दें। उन्हें कालीचरण की गिरफ्तारी से पीड़ा हो रही है। भाजपा के लोग हिंदुत्ववादी है, इनको राम से कोई मतलब नहीं है। कोर्ट के आदेश से राम मंदिर बन रहा है, ये तो केवल जमीन का सौदा कर रहे है। भाजपा के लोगों का काम राम नाम जपना पराया माल अपना है। पहले ये राम के नाम वोट की राजनीति करते थे अब इनकी निगाह सम्पत्ति पर है।
रायपुर के रावनभाटा में धर्म संसद में महात्मा गांधी पर टिप्पणी पर भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल के कालीचरण के छोड़ने की मांग पर ट्वीट पर कांग्रेस ने प्रतिक्रया जताई है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे पर ने बृजमोहन के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि महात्मा गांधी को सारा देश सम्मान करता है, उन्होंने सारे देशवासियों का अपमान किया है। रविंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल के ट्वीट से लगता है कि उनकी मानसिक स्थिति खराब है, उनका मानसिक उपचार किया जाना चाहिए। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि गांधीजी पर जो अंगुल उठाएगा उसकी अंगुली काट दी जाएगी।
भगवान राम पर आपत्तिजनक बातें करने वालों पर कार्रवाई कब –
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि बापू का अपमान करने वाले पर कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन भगवान राम पर आपत्तिजनक बातें करने वालों पर कब कार्रवाई होगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि पहले भूपेश बघेल ही यह समझ लें कि उनके नेता राहुल गांधी आखिर क्या हैं, उसके बाद वे हिन्दू और हिंदुत्व पर व्याख्यान दें। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल का अपना कोई मत, विचार, दर्शन नहीं है। राहुल गांधी के इशारे पर स्वांग प्रदर्शन ही भूपेश बघेल का वास्तविक धर्म है।