पहले भूपेश बघेल ही समझ लें कि राहुल क्या हैं, फिर हिन्दू और हिन्दुत्व पर व्याख्यान दें – डॉ. रमन

Chhattisgarh

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि पहले भूपेश बघेल ही यह समझ लें कि उनके नेता राहुल गांधी आखिर क्या हैं, उसके बाद वे हिन्दू और हिंदुत्व पर व्याख्यान दें। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल का अपना कोई मत, विचार, दर्शन नहीं है। राहुल गांधी के इशारे पर स्वांग प्रदर्शन ही भूपेश बघेल का वास्तविक धर्म है।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी सुविधा के अनुसार विचार बदलने की कला दिखाने में पारंगत हैं। राहुल जी जो कहेंगे, वहीं करूंगा वाला उनका अंदाज छत्तीसगढ़ राज्य की जनता के हित में बाधक बन रहा है। जनता ने उन्हें राहुल गांधी का प्रवक्ता बनने के लिए छत्तीसगढ़ नहीं सौंपा है। वे मुख्यमंत्री पद का दायित्व निभाने की जगह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के दुमछल्ले बने घूम रहे हैं। इधर राज्य का किसान धान बर्बाद होने से सिर पकड़कर बैठा है और भूपेश बघेल जी राहुल राग सुना रहे हैं। हिन्दू और हिंदुत्व की अपनी नई परिभाषा गढ़ने वाले जानते ही नहीं हैं कि बिना जड़ के पेड़ नहीं होता। हिंदुत्व को राहुल, दिग्विजय और भूपेश बघेल जैसे प्रकांड टीकाकारों की कोई जरूरत नहीं है। डॉ. रमन ने धर्मसंसद मामले में भी मुख्यमंत्री और कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि नकल में भी अकल की जरूरत होती है। कोट के ऊपर जनेऊ पहन लेने से कोई हिन्दू नहीं हो जाता। हिन्दू कभी हिंदुत्व से अलग नहीं हो सकता। हिन्दू शरीर है और हिंदुत्व उसकी आत्मा। विचारधारा विहीन कांग्रेसी यह नहीं समझ पाते तो इनको सन्मति दे भगवान। उन्होंने हिंदुत्व पर आधारहीन हमले बोलने की प्रवृत्ति की निंदा करते हुए कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए। कानून अपना काम करेगा। लेकिन यह भी सवाल है कि भगवान राम के बारे में अमर्यादित टिप्पणी करते रहने वालों पर कब कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *