भाजपा ने अचानकमार रिज़र्व में गौठान बनाने पर किया सवाल

Chhattisgarh

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में गौठान बनाने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जब ऐसे वन संरक्षित क्षेत्रों में जहां बिना अनुमति पत्ता तक तोड़ना अनुचित व गैर कानूनी हो तो आखिरकार गौठान कैसे बना दिया गया? श्री सिंहदेव ने कहा कि पूरे प्रदेश में गौठान योजना केवल कागजों पर ही संचालित हो रहा है। यही कारण है कि अचानकमार संरक्षित वन क्षेत्र में गौठान बनाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने साबित कर दिया है कि सरकार के पास न नीति है और ना ही नीयत है, केवल दिखावे के विकास और भ्रम की बातें करके सत्ता का आनंद लेने में मस्त हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत ही गंभीर हैं कि वन्य प्राणियों के संवर्धन के लिए इस इलाके में किसी भी प्रकार की निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है उसके बाद भी इस तरह से गौठान बनाने को लेकर यह सवाल उठने लगा है कि पूरे प्रदेश में गौठान के नाम पर कोई मानक तय नहीं किया गया है और इस तरह से केवल भ्रष्टाचार के लिए कहीं भी गौठान बना दिया रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा कि गौठान निर्माण के नाम पर ग्राम पंचायत स्तर पर निर्वाचित पदाधिकारियों को परेशान किया जा रहा है। उन्हें गौठान निर्माण का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते यह सवाल उठता है कि गौठान निर्माण केवल खयाली अभियान हो गया है। उन्होंने अचानकमार में बनाए गए गौठान निर्माण की जांच के साथ-साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो गार्ड को निलम्बित करने की ख़बर है, उन्हें बलि का बकरा बनाना ग़लत है। इस तरह का घोटाला करने के मूल दोषियों पर कारवाई किया जाना चाहिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *