कांग्रेसियों को दुबला होने की जरूरत नहीं – संजय

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि जनादेश के साथ छलावा करके कांग्रेस नेता जनादेश और लोकतंत्र के सम्मान की दुहाई देते शोभा नहीं देते। कांग्रेस अपने राजनीतिक चरित्र को बेनकाब कर रही है और इसी आत्मग्लानि बोध के चलते वह अपनी कमजोरियो को दूसरों पर मढ़ रही है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने वादों के आधे-अधूरे क्रियान्वयन को जनादेश का सम्मान बताने की शर्मनाक कोशिशों में जुटे हैं जबकि साफ-साफ तौर पर यह जनादेश के साथ छलावा है। किसानों की आधी-अधूरी कर्जमाफी करके कांग्रेस ने न केवल किसानों के साथ दगा किया है, अपितु शेष दो साल के बोनस भुगतान का मसला भी प्रदेश सरकार टाल रही है। कर्जमाफी के दायरे में सभी किसानों का सभी बैंकों का किसानी ऋण आने की बात कही गई थी लेकिन अब सरकार ने केवल सरकारी व ग्रामीण बैंकों से अल्पकालीन ऋणों को ही माफ किया है। अभी वह भी वादा अधूरा है और इस वर्ष धान खरीदी में काटी गई लिंकिंग राशि ही लौटा कर राज्य सहकार और कांग्रेस के नेता उसे कर्जमाफी बताते शोर मचा रहे हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि इस मुद्दे पर किसानों और प्रदेश की जनता को सजग करना प्रदेश भाजपा का दायित्व है और कांग्रेसी अपने मुखौटे तार-तार होने के डर से इसे जनादेश का अपमान बताकर अपने छल-प्रपंच और झूठ को ढंकने की घिनौनी हरकत कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को जनादेश का सम्मान करना बखूबी आता है और उसने विनम्रता के साथ विपक्ष की भूमिका स्वीकार की है, पर कांग्रेसी अगर यह सोच रहे हैं कि इससे भाजपा की मुखरता और जनसेवा की अपनी प्रतिबद्धता कम हो जाएगी तो यह उनकी भूल है। इसीलिए मौजूदा राज्य सरकार प्रतिशोध की राजनीति पर उतर आई है। प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए श्री श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जिस तरह की भाषा बोल रहे हैं, वस्तुत: जनादेश का घोर अपमान कांग्रेस के नेता ही कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि गत विधानसभा चुनाव में अपनी हार की समीक्षा की नसीहत भाजपा को देना कांग्रेस के अधिकार-क्षेत्र में कब से शामिल हो गया? भाजपा खुद इसकी चिंता और चिंतन करने में समर्थ है, कांग्रेसियों को इसके लिए दुबला होने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस के नेता राफेल पर राहुल गांधी के झूठ का पर्दाफाश होने और अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर खरीदी में हुए घोटाले में उनके नामदार आकाओं की संलिप्तता जाहिर होने पर चिंतित हो, तो यह उसकी राजनीतिक सेहत के लिए बेहतर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *