छत्तीसगढ़ : रायपुर 22 दिसंबर 2018। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के आरोपों पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने संविधान के विपरीत जाकर संसदीय सचिवो की नियुक्तियाँ किया था और सरकारी खजाने से करोड़ो रूपये का बंदरबाट किया गया। संविधान से परे जाकर रेवड़ी बांटने की तरह संसदीय सचिव का पद बांटने वाले अब संविधान की दुहाई दे रहे है। कांग्रेस तो संविधान के दायरे में रहकर मंत्रियो की संख्या बढ़ाने का प्रयास कर रही है। इसलिये कांग्रेस सरकार के मुखिया भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मंत्रिमंडल की संख्या में विस्तार की मांग कि है। प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग करना अनुचित कैसे भाजपा बताये? कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बताएं उनकी सरकार थी तो किस संविधान के दायरे में संसदीय सचिवों की नियुक्ति किया गया था संसदीय सचिवों को सरकारी खजाने से लाभ किस आधार पर मिला था? जनता के टैक्स के पैसे पर गुलछर्रे उड़ाने वाले भाजपा के नेताओ के कारण ही किसानों का हक मारा गया। भाजपा शासनकाल में असंवैधानिक तरीके से संसदीय सचिव बनकर मेवा मक्खन खाने वाले लग्जरी लाइफ जीने वाले भाजपा के नेताओं को शर्म नहीं आती है। कांग्रेस पार्टी तो संविधान के दायरे में रहकर अपने देश के मुखिया प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ की व्यवस्थाओं को सुधारने मंत्री की संख्या बढ़ाने की मांग कर रही है। इसे अनुचित ठहराकर भाजपा ने अपनी गिरी हुई मानसिकता को परिलक्षित किया है। भाजपा सत्ता में थी तब निरंतर संविधान के विपरीत जाकर अपने लोगों को लाभ पहुंचा रही थी। संसदीय सचिव के मामले पर पूरे देश में जो व्यवस्था है, उस व्यवस्था को खंडित करने का काम भाजपा ने किया था। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मांग करते हुए कहा कि भाजपा शासन काल के दौरान संविधान के विपरीत बनाए गए संसदीय सचिवो के ऊपर खर्च हुई सरकारी खजाने की वसूली की जाये और वसूली गये पैसे से अस्पतालों में व्यवस्था सुधारने खर्च किया जाये।