रायपुर। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ गुरुनानक जयंती मनाई गई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में संगत ने गुरुघर पहुंचकर गुरु पर्व की खुशियों में सहभागिता की। मुख्य आयोजन खालसा स्कूल में हुआ, जहां प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थों ने शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया।गुरु पर्व के इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने जनहित में एक विशेष शिविर आयोजित कर सराहनीय पहल की। शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की अल्पसंख्यक हितैषी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने एवं पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।सुबह 10 बजे से ही शिविर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। शिविर में पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं की पूर्ति के बाद तत्काल अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाकर वितरित किए गए। वहीं आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड से संबंधित प्रक्रियाएं भी पूरी कराई गईं।छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर जनहित से जुड़ी सेवाओं को संगत और आम नागरिकों तक पहुंचाना एक सराहनीय पहल है।

एक ही स्थान पर अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड से संबंधित सुविधाएं मिलने से लोगों को काफी सहूलियत हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जनहितकारी शिविर प्रदेश के प्रत्येक शहर में आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।शिविर की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन एवं पंजीयन कराया।
इसके साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, हितों और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तकों एवं साहित्य का भी वितरण किया गया।इस जनहितकारी शिविर को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोग एवं काउंसिल के सदस्यों ने शिविर में पहुंचे लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया और उन्हें विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया।गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर आयोजित यह शिविर धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और जनसेवा की एक सार्थक मिसाल बनकर सामने आया।