रायपुर। शहर में आम लोगों को धारदार चाकू दिखाकर भयभीत करने और आतंकित करने के आरोप में तेलीबांधा पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जल विहार कॉलोनी के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सचिन राजभर (19), पिता प्रेमचंद राजभर, निवासी टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 535/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जब्त संपत्ति: एक बटनदार धारदार चाकू, जिसकी कीमत लगभग 200 रुपये बताई गई है।