रायगढ़, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की टंगिया से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने पिता के सिर और पीठ पर कई वार किए। वारदात के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।पुलिस के अनुसार, घटना 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। मृतक धरम उर्फ श्रवण गिरी (65) की पत्नी ने बताया कि उनका बेटा राजकुमार गिरी (36) शराब के नशे में घर पहुंचा था।

इस पर पिता ने उसे समझाइश दी कि घर चलाने के लिए पैसे नहीं होने के बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आ रहा है। पूजा-पाठ का दिन होने की बात कहते हुए भी पिता ने उसे शराब पीने से मना किया। इसी बात पर राजकुमार आक्रोशित हो गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा।इसके बाद रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी बेटा टंगिया लेकर पीछे से पहुंचा और सरपंच के घर के गेट के पास दोनों को रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात पर गुस्साए आरोपी ने पिता के सिर पर टंगिया से वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल होकर पिता जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।मामले में थाना खरसिया में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 604/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार गिरी को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को जल्द न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।एसएसपी का संदेश: रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत गंभीर अपराधों का रूप ले सकती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, पारिवारिक विवादों को संवाद से सुलझाने और विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।