गाजियाबाद। मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाले आरोपी नरेंद्र शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 14 महिलाओं से शादी करने का आरोप है। वह खुद को कुंवारा बताकर महिलाओं से शादी करता था और कुछ समय बाद उन्हें छोड़कर फरार हो जाता था।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के बीकानेर निवासी नरेंद्र शर्मा ने मेरठ की रहने वाली मुस्कान से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए संपर्क किया था। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत शुरू हुई और बाद में शादी हो गई। आरोप है कि शादी के बाद नरेंद्र ने मुस्कान को धोखा दिया और उसका गर्भपात कराया। इसके बाद वह कुछ दिन तक साथ रहने के बाद पत्नी को छोड़कर मुंबई भाग गया।
आरोपी की धोखाधड़ी से परेशान होकर पीड़िता मुस्कान ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी द्वारा 14 महिलाओं से शादी करने की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।