बस्तर। इंद्रावती और नारंगी नदी में आई भीषण बाढ़ तथा अतिवृष्टि से फसल बर्बाद होने के बाद मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर बस्तर के किसानों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। प्रभावित किसानों ने अब अपनी मांगों को लेकर आर्थिक नाकेबंदी की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में नारायणपाल-घोटिया में किसानों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भैंसगांव, बोदरा, नारायणपाल, घोटिया, कुरुसपाल, तीरथा और गुनपुर-रतेंगा सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों ने बुधवार, 25 नवंबर को मुरिया सदन में प्रस्तावित महत्वपूर्ण बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच सुखरू बघेल ने कहा कि किसानों को अपने हक और अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। जब तक किसान संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे, तब तक उनकी समस्याओं का समाधान मुश्किल है।
वहीं, नकुल भारती ने फसल बीमा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के खातों से बिना पूछे बीमा की राशि काट ली जाती है, लेकिन नुकसान होने पर उन्हें बीमा का लाभ नहीं मिल पाता। इससे किसानों का बीमा व्यवस्था से भरोसा उठ रहा है। उन्होंने बीमा राशि और किसानों के अधिकारों के लिए सामूहिक आवाज उठाने की जरूरत बताई।
जगदू राम कश्यप ने भोपाल में गेहूं की फसल के नुकसान पर मुआवजे और कवर्धा में गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर हुए किसान आंदोलनों का उदाहरण देते हुए कहा कि बस्तर के किसानों को भी अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
पूरन सिंह कश्यप ने कहा कि किसानों की लड़ाई केवल बाढ़ और अतिवृष्टि से हुए नुकसान के मुआवजे तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सूखा, खाद, दवाई, बीज और अन्य कृषि सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी लगातार आवाज उठानी होगी। किसानों को उनका अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रखना जरूरी है।
बैठक में आगामी आर्थिक नाकेबंदी को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाने और किसानों को आंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया गया। किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
इस दौरान सुखरू बघेल, संपत बघेल, नकुल भारती, भक्तु नाग, पनकू कश्यप, बीटों राम भारती, गोविंद सेठिया, सुखमन भारती, भागीरथी कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।