नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी स्तंभों का मजबूत होना जरूरी: विजय शर्मा

Uncategorized

रायपुर, 26 नवंबर। उपमुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा ने कहा कि नए आपराधिक कानून त्वरित, निष्पक्ष और तकनीक आधारित न्याय का वादा तभी पूरा कर सकते हैं, जब आपराधिक न्याय प्रणाली के सभी स्तंभ समान रूप से मजबूत हों। पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक विज्ञान, जेल और न्यायालय के बीच बेहतर समन्वय से ही न्याय व्यवस्था प्रभावी बन सकती है।

वे गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। ‘रिफॉर्म टू रियलिटी: छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में 1 जुलाई 2024 से लागू भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

कार्यशाला का आयोजन एचएनएलयू के सेंटर फॉर कम्पेरेटिव लॉ ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के सहयोग से किया। इसमें उपनिरीक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के 300 पुलिस अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। वहीं, फॉरेंसिक वैज्ञानिकों, अभियोजन और जेल विभाग सहित आपराधिक न्याय प्रणाली के विभिन्न हितधारकों के 3,917 अधिकारी ऑनलाइन जुड़े। इस तरह कुल 4,200 से अधिक अधिकारियों ने कार्यशाला में भाग लिया।

तकनीक के साथ सभी संस्थाओं का मजबूत होना जरूरी

मुख्य अतिथि विजय शर्मा ने कहा कि अंतर-प्रचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (आईसीजेएस) पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक विज्ञान, जेल और न्यायालय को एक डिजिटल मंच पर जोड़ती है, लेकिन केवल तकनीक से न्याय नहीं मिलता। इसके प्रभावी संचालन के लिए सभी संस्थाओं का समान रूप से सशक्त होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट में देरी या कमजोर अभियोजन के कारण अच्छी विवेचना वाला मामला भी विफल हो सकता है। वहीं, यदि विवेचना दोषपूर्ण हो तो त्वरित विचारण का भी कोई अर्थ नहीं रह जाता।

36 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण

महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जीपी सिंह ने नए कानूनों के क्रियान्वयन में उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व और सतत निगरानी की सराहना की। उन्होंने कहा कि संसद ने सुधारों को कानून का रूप दिया है, अब उन्हें प्रभावी तरीके से लागू करना पुलिस और न्याय प्रणाली की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कानून राजपत्र में नहीं, बल्कि थाने के काउंटर, घटनास्थल और न्यायालय में जीवित रहता है। नए कानून स्वीकारोक्ति आधारित जांच से प्रमाण आधारित जांच और अधिकारियों के कथन से वैज्ञानिक एवं कैमरे के साक्ष्य की ओर बदलाव का प्रतीक हैं।

जीपी सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नए कानूनों के क्रियान्वयन के लिए 36,371 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। राज्य शासन ने इसके लिए 61 अधिसूचनाएं जारी की हैं। सभी थाने ऑनलाइन हैं और लगभग 1.92 लाख एफआईआर डिजिटल रूप से दर्ज की गई हैं। राज्य में नौ नए साइबर थाने स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ई-साक्ष्य नियम अधिसूचित करने वाले देश के पहले सात राज्यों में शामिल है। मई 2026 से जिलों में 33 मोबाइल फॉरेंसिक वैन तैनात की गई हैं और सभी जिलों में आईसीजेएस क्रियाशील है।

वैज्ञानिक साक्ष्य से मिली दोषसिद्धि

जीपी सिंह ने नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उदाहरण देते हुए बताया कि बिलासपुर के एक हत्या मामले में प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के पक्षद्रोही होने के बावजूद वैज्ञानिक विवेचना और ई-साक्ष्य वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपी को आजीवन कारावास की सजा हुई।इसी तरह कांकेर के एक नक्सली हमले के मामले में ई-साक्ष्य और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को दोषी ठहराया गया।

उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी, डिजिटल साक्ष्य के संधारण, जल्दबाजी में अभियोग-पत्र प्रस्तुत करने और फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं पर बढ़ते दबाव जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि नए कानून अब पुलिस अकादमी के प्रत्येक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का आधार हैं। विशेष साइबर अपराध पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। राज्य न्यायिक अकादमी के साथ पुलिस, अभियोजन और न्यायिक अधिकारियों के संयुक्त प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की योजना है।

नागरिकों को मिले निष्पक्ष और प्रभावी न्याय

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि नए कानूनों की सफलता की असली कसौटी आम नागरिक है। लक्ष्य केवल कानूनों का अनुपालन नहीं, बल्कि दोषसिद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ संगठित अपराध संबंधी नए प्रावधानों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थापित शांति को अब विधि के शासन के माध्यम से मजबूत करना होगा।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों की सफलता न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता, अभिरक्षा की श्रृंखला और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत आवश्यक प्रमाणपत्रों के पालन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय के साथ निष्पक्ष विचारण और अभियुक्त के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है। पुलिस, अभियोजन और न्यायपालिका के बीच निरंतर संवाद एवं संयुक्त प्रशिक्षण से न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

एचएनएलयू के कुलपति प्रो. डॉ. वीसी विवेकानंदन ने कहा कि विधि विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल कानून की शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कानून को व्यवहार में उतारने में सहयोग करना भी उनका दायित्व है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ एचएनएलयू की साझेदारी के तहत नए कानून लागू होने से पहले ही प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया था। अब तक 10,000 से अधिक पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों पर विशेष जोर नए कानूनों को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाता है।

कार्यशाला के प्रारंभ में एचएनएलयू के प्रभारी कुलसचिव प्रो. डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने संविधान दिवस पर कार्यशाला के आयोजन को सार्थक बताते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों को आपराधिक न्याय प्रणाली के प्रत्येक स्तर तक पहुंचाना नए कानूनों का उद्देश्य है। इस दौरान उपस्थित लोगों को संविधान की उद्देशिका की शपथ भी दिलाई गई।कार्यशाला में सेंटर फॉर कम्पेरेटिव लॉ के प्रमुख अभिनव के. शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। दिनभर चले तकनीकी सत्रों में नए आपराधिक कानूनों के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *