रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान प्रहलाद निर्मलकर (28) और गोपी किशन कुल्हरिया (23), दोनों निवासी रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 130 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद की गईं। जब्त टैबलेट की कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने टैबलेट रखने और बिक्री करने के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 534/26, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- प्रहलाद निर्मलकर (28), निवासी संतोषी नगर दुर्गापारा, टिकरापारा, रायपुर।
- गोपी किशन कुल्हरिया (23), निवासी सुभाष नगर देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर।