रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनदर्शन कार्यक्रम में गुरुवार को प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में फरियादियों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि लोगों की कतार एक किलोमीटर से भी अधिक लंबी हो गई। सुबह 8 बजे से ही लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मुख्यमंत्री ने निवास के भीतर एक-एक कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान शासन-प्रशासन की शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर लोगों की नाराजगी भी सामने आई।जनदर्शन में ठगी, शिक्षा कर्मियों की नियुक्ति, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं और नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी जैसी समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। किसी ने आर्थिक ठगी की शिकायत की तो किसी ने नौकरी में धोखे की बात कही। वहीं, कई लोग लंबे समय से अटके सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे।

हेल्पलाइन में बार-बार शिकायत, फिर भी नहीं मिला समाधान :-
जनदर्शन में पहुंचे कई लोगों का कहना था कि वे अपनी समस्याओं को लेकर पहले ही सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दो से तीन बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं मिलने से लोगों का भरोसा संबंधित विभागों की व्यवस्था पर कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
फरियादियों का कहना है कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने और हेल्पलाइन पर गुहार लगाने के बाद भी जब राहत नहीं मिलती, तो आखिरकार मुख्यमंत्री के जनदर्शन में पहुंचने के अलावा उनके पास दूसरा रास्ता क्या बचता है। कई लोगों ने अब सीधे मुख्यमंत्री निवास में संबंधित अधिकारियों के नाम के साथ लिखित शिकायत करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही।लोगों का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं होती। कई मामलों में शिकायतकर्ता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के जनदर्शन को वे अपनी समस्या के निराकरण का आखिरी विकल्प मानकर पहुंच रहे हैं।
10 महीने बाद जनदर्शन शुरू होने पर भी नाराजगी :-
लोगों की नाराजगी की एक बड़ी वजह जनदर्शन का लंबे अंतराल के बाद शुरू होना भी है। फरियादियों का कहना है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के मुखिया हैं और उन्हें नियमित रूप से आम जनता की समस्याएं सुननी चाहिए। कम से कम महीने में एक बार जनदर्शन आयोजित होना चाहिए, ताकि लोगों को अपनी परेशानी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना पहला जनदर्शन कार्यक्रम 27 जून 2024 को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में आयोजित किया था। इसके बाद लंबे अंतराल के बाद गुरुवार को जनदर्शन आयोजित हुआ। फरियादियों का कहना है कि यदि जनदर्शन नियमित रूप से आयोजित होता रहे, तो लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सुशासन का मतलब शिकायतों का समयबद्ध निराकरण भीफरियादियों का मानना है कि सुशासन का मतलब केवल योजनाएं बनाना और ऑनलाइन शिकायतों की व्यवस्था करना नहीं, बल्कि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना भी है। यदि सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती, तो इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है।जनदर्शन में उमड़ी भीड़ के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मुख्यमंत्री तक पहुंचने वाली शिकायतों के साथ-साथ पहले से लंबित शिकायतों पर भी जिम्मेदारी तय होगी? लोगों को उम्मीद है कि उनकी फरियाद सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों और मुख्यमंत्री निवास के चक्कर न लगाने पड़ें।मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अब फरियादियों की नजर इस बात पर है कि उनकी शिकायतों पर कितनी जल्दी कार्रवाई होती है और महीनों से लंबित समस्याओं का समाधान कब तक होता है।