रायपुर। जगदलपुर में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त और अन्य लोगों को रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार किए जाने पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ नीति को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आम जनता और व्यापारियों को बेवजह परेशान कर पैसों की मांग करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चिमनानी ने कहा कि जीएसटी प्रकरण में राहत देने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी की कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि सरकारी पद और प्रभाव का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिला। इसके विपरीत वर्तमान सरकार में जांच एजेंसियां स्वतंत्रता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई कर रही हैं।
चिमनानी ने कहा कि सरकार आम नागरिकों और व्यापारियों को भयमुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी और अनावश्यक प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि बीते तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाइयां सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण हैं।